नई दिल्ली/कोहिमा, केरल के बाद देश के पूर्वोत्तरीय राज्य नगालैंड में बाढ़ की विभीषिका बढ़ती जा रही है। अभी तक एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और प्रदेश का बड़ा भू-भाग बाढ़ की वजह से शेष हिस्सों से कट गया है। केंद्रीय अधिकारियों का एक दल इस सीमावर्ती प्रदेश में बाढ़ के नुकसान का आकलन करने पहुंच गया है। दिल्ली से गए इस दल में विभिन्न मंत्रालयों के सीनियर अधिकारी शामिल हैं, जो बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करेंगे। गृह मंत्रालय के जॉइंट सेक्रेटरी के.बी. सिंह की अगुआई में सड़क, कृषि और वित्त मंत्रालय के अधिकारियों की टीम मंगलवार शाम नगालैंड पहुंच गई। प्रदेश सरकार के एक सीनियर अधिकारी ने बताया, ‘दिल्ली से आई टीम ने दीमापुर का दौरा किया और नुकसान का आकलन किया। अधिकारियों ने किसानों से मुलाकात की। खराब मौसम की वजह से अधिकारी किफिरे एरिया तक नहीं पहुंच सके, जो कि सबसे बुरी तरह से प्रभावित है।’